सकलडीहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगस्त माह में ही तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को मुख्यालय से आवागमन करने की बजाए परिसरों में बने आवासों में रहने का निर्देश दिया है। बावजूद इसके अधिकारी आवासों में नहीं रह रहे हैं। इससे फरियादियों को परेशानी हो रही है। उन्हें अधिकारियों का घंटों इंतजार करना पड़ता है। शासन ने डीएम को ऐसे अधिकारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।
तहसील और ब्लॉक की जिम्मेदारी संभालने वाले उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, सामुदायिक और प्राथमिक केंद्रों के चिकित्साधिकारी आदि को शासनादेश जारी अपने तैनाती स्थान पर रहने का निर्देश 20अगस्त 2018 को दिया जा चुका है। इसके बावजूद अधिकारी आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं। लोगों की शिकायत पर सीएम कार्यालय ने इसे गंभीरता से लेते हुए ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त व कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया है। डीएम नवनीत सिंह चहल ने बताया कि तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी बगैर सूचना के जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।