चहनिया । क्षेत्र में हैंडपंपों की दयनीय स्थिति के चलते ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। सबसे खराब स्थिति गंगा नदी के तटवर्ती इलाकों की है। इस क्षेत्र में भूगर्भ का जल इतना नीचे चला गया है कि हैंडपंपों ने पानी देना छोड़ दिया है।
चहनिया क्षेत्र के 91 ग्राम पंचायत में 176 राजस्व गांव हैं। वहीं जनसंख्या लगभग दो लाख 22 हजार 710 है। इतनी बड़ी जनसंख्या की प्यास बुझाने को मात्र तीन हजार 413 सरकारी हैंडपंप लगाए गए हैं। इनमें लगभग पांच सौ हैंडपंप खराब पड़े हैं। क्षेत्र के पूराविजयी, पूरागनेश, चकरा, हरधनजूड़ा, सोनबरसा, महमदपुर, नादी निधौरा, बड़गांवा, तिरगावा हसनपुर, मकुंदपुर, सहेपुर, कटारुपुर, अगस्तीपुर सहित दर्जनों गांवों में कई माह से खराब हैंडपंप की मरम्मत न होने से क्षेत्रीय ग्रामीणों को पेयजल की समस्या के लिए जूझना पड़ रहा है। इस संदर्भ में कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हैंडपंपों को जल्द से जल्द बनायें जाने की मांग की है। (ब्यूरो)