मुगलसराय। सुगम यातायात और बेहतर रेल परिचालन के लिए बुधवार को पूर्व मध्य रेल (ईसीआर) के महाप्रबंधक एल.सी. त्रिवेदी ने मुगलसराय मंडल के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्मों की सफाई, यात्रियों की बेहतर सुविधा और सुरक्षा के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया।
मुगलसराय स्टेशन पर शाम को करीब छह बजे पहुंचे। वहां उन्होंने प्लेटफार्म संख्या दो पर कंट्रोल रूम, प्लेटफार्म संख्या तीन पर आरपीएफ महिला चेंजिंग रूम का उद्घाटन किया। जीएम ने स्टेशन के बाहर पिलिग्रिम्स साइडिंग स्थित तालाब को देखा और गंदगी पर नाराजगी जताई। साथ ही लटकते तारों को भूमिगत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। स्काउट डेन में आपदा प्रबंधन और ताइक्वांडो को भी देखा। इसके बाद जीएम ने एएमईआई कार्यालय और स्टोर का भी उद्घाटन किया। उन्होंने बुधवार को गढ़वा रोड और सोननगर रेलखंड से सिगसिगी स्टेशन पहुंचे जहां उन्होंने स्टेशन बिल्डिंग, सर्कुलेटिंग एरिया एवं यात्री सुविधाओं के अलावा छोटे-बड़े स्टेशनों, रेल पुलों, रेलवे ट्रैक, समपार फाटक, स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय एवं रेल कॉलोनियों आदि का गहन निरीक्षण किया एवं साफ सफाई का जायजा लिया ।निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक महोदय ने मोहम्मदगंज और कोसीयारा के बीच वृहत पुल संख्या 142, कोसीयारा और हैदरनगर के बीच संरक्षा से जुड़े मानकों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुगलसराय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री किशोर कुमार, पूर्व मध्य रेल मुख्यालय से प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल शर्मा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण/दक्षिण) बी. चौधरी, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक सलिल कुमार झा, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विष्णु कुमार, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार उपस्थित थेे।
गार्ड रमेश को मिला जीएम अवार्ड
मुगलसराय। स्थानीय मंडल के ट्रेन गार्ड रमेश कुमार सिंह को बुधवार को मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर जीएम ललितचंद्र त्रिवेदी ने जीएम अवार्ड से पुरस्कृत किया। रमेश कुमार सिंह को बेहतर परिचालन के लिए अवार्ड दिया गया। अवार्ड मिलते ही मुगलसराय के गार्डो में हर्ष व्याप्त हो गया। इस मौके पर गार्ड जेके सिंह, एके सिंह, ईए खान, एमके दूबे ने बधाई दी। इसके अलावा सीसीटीवी निगरानी कक्ष के विजय पाल, आरपीएफ के राजेश चंद और सुनील कुुमार को भी नकद इनाम देकर पुरस्कृत किया।
कर्मचारियों ने जीएम को सौंपा मांग पत्र
मुगलसराय (ब्यूरो)। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बालक राम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को महाप्रबंधक एलसी त्रिवेदी को सोननगर में दस सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र के माध्यम से मुगलसराय मंडल की कालोनियों की बदहाल सड़क, पेय जल व्यवस्था, आवासों को ठीक किए जाने के साथ हेल्थ इंसपेक्टर की रिक्तियों को अविलंब भरे जाने ,जाने की मांग की।