मड़ियाहूं तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन करते लेखपाल। संवाद
जिले के सभी थानों और कोतवाली परिसरों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मछलीशहर, बदलापुर, तेजीबाजार और शाहगंज में कुल 18 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से चार का मौके पर निस्तारण किया गया।
शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए। कई स्थानों पर लेखपालों की हड़ताल का असर भी समाधान दिवस में दिखाई दिया। मछलीशहर कोतवाली में जाॅइंट मजिस्ट्रेट शुभांशु कटियार की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ।
भूमि संबंधी पांच प्रार्थना पत्र आए, लेकिन किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
प्रभारी निरीक्षक विनीत राय समेत राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे। लेखपाल संघ की हड़ताल के कारण लेखपाल समाधान दिवस में शामिल नहीं हुए। बदलापुर कोतवाली परिसर में थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय के नेतृत्व में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां छह प्रार्थना पत्र आए, जिनमें दो का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि लेखपालों के नहीं आने के कारण फरियादियों की संख्या कम रही। तेजीबाजार थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में दो प्रार्थना पत्र आए। दोनों राजस्व से संबंधित थे। इनमें से एक का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। थानाध्यक्ष सतेन्द्र भाई पटेल ने बताया कि शेष मामले के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान पुलिसकर्मी, लेखपाल और फरियादी मौजूद रहे। शाहगंज कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ।
यहां पांच प्रार्थना पत्र मिले। मौके पर किसी प्रार्थना पत्र का निस्तारण नहीं हो सका।
सभी मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।