पीडीडीयू नगर। नगर पालिका पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में 14वें वित्त के 4.27 करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्य को रोककर नगर पालिका कर्मियों का वेतन दिया जाएगा। इसके लिए निदेशक नगरीय निकाय उत्तर प्रदेश की ओर से पत्र जारी कर आदेश पारित किया गया है। दो माह से पालिकाकर्मियों के वेतन का भुगतान नहीं हो सका है।
नगर पालिका पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में कार्यरत नियमित कर्मचारियों के वेतन, पेंशन समेत आउट सोर्सिंग कर्मचारियों का भुगतान राज्य वित्त से किया जाता है। इस भुगतान में नगर पालिका की ओर से हर माह लगभग एक करोड़ 44 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। कोरोना संक्रमण में लॉकडाउन के चलते प्रदेश सरकार की आय में कमी आई। इसके चलते राज्य वित्त में प्रदेश सरकार की ओर से धन नहीं दिए जाने से कर्मचारियों के मई व जून माह के वेतन का भुगतान नहीं हो सका है। इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से 14वें वित्त से कर्मचारियों के भुगतान का निर्णय लिया गया है। निदेशक नगरीय निकाय उत्तर प्रदेश की ओर से 19 जून को पत्र जारी कर इसके लिए निर्देशित किया गया है। इस निर्णय के बाद नगर पालिका की ओर से 14वें वित्त से 4.27 करोड़ रुपये से कराए जाने वाले विकास कार्य पर ग्रहण लग गया। जबकि नगर पालिका की ओर से इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2020-21 के 14वें वित्त से पीडीडीयू नगर में 68 स्थानों पर नाली, सड़क निर्माण के साथ इंटरलॉकिंग बिछाये जाने का कार्य किया जाना था।
निदेशक नगरीय निकाय की ओर से 14वें वित्त से कर्मचरियों के वेतन का भुगतान करने का आदेश पूरे प्रदेश में लागू किया गया है। स्थिति सामान्य होते ही विकास कार्यों को पूरा कराया जाएगा। - संतोष खरवार, चेयरमैन नगर पालिका पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर