नियामताबाद। पर्यावरण की रक्षा करना देश के हर नागरिक का कर्तव्य है। जब तक पर्यावरण सुरक्षित नहीं रहेगा तब तक जीवन संकट में ही रहेगा। पर्यावरण संरक्षण के साथ औद्योगिक विकास होना चाहिए। यह बात जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने औद्योगिक क्षेत्र फेज एक स्थित यूपीएसआईडीसी के सभागार में रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन की ओर से आयोजित पर्यावरण गोष्ठी में कहीं।
गोष्ठी में डीएम ने कहा कि उद्योग धंधों से देश में औद्योगिक क्रांति आई है। जिससे देश का हर क्षेत्र में विकास हुआ है। साथ ही रोजगार के भी पर्याप्त अवसर बेरोजगारों को मिले हैं। कहा कि उद्योगों से पर्यावरण को नुकसान तो होता है लेकिन रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन की पहल पर जिस तरह से दोनों फेज में पौधारोपण का कार्यक्रम चल रहा है। यह काफी सराहनीय है। इससे औद्योगिक क्षेत्र व आसपास के ग्रामीण इलाकों में प्रदूषण कम होगा। वहीं प्रभागीय वन अधिकारी मनोज खरे ने औद्योगिक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किए जाने की बात कही। साथ ही अब तक लगाए गए 175 पौधों की सुरक्षा के लिए उद्यमियों द्वारा दिए गए ट्री गार्ड पर उन्होंने उद्यमियों की सराहना की। रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में लगाए गए पौधों की सुरक्षा व संरक्षा उद्यमियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए उद्यमी तत्पर हैं। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र फेज एक स्थित राजकीय प्रेस परिसर में वन विभाग द्वारा बड़े पैमाने पर पौधरोपण कराए जाने की मांग की। वहीं सृजन संस्था के अध्यक्ष अनिल सिंह ने औद्योगिक क्षेत्र में एक हजार पौधरोपण किए जाने का आश्वासन दिया। गोष्ठी के बाद जिलाधिकारी के समक्ष उद्यमियों ने अनियमित बिजली कटौती की शिकायत की। इसपर उन्होंने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इस मौके पर शांतिलाल जैन, चन्द्रेश्वर जायसवाल, दिनेश राय, सुरेंद्र राय, मनोज तिवारी, संतोष जालान, अतर सिंह, विजय केशरी, जयप्रकाश पांडेय, त्रिभुवन सिंह, फैयाज अहमद, ऋषभ जैन, सुरेश खंडेलवाल, संदीप सिंह मौजूद रहे।