नियामताबाद। अलीनगर थाना अंतर्गत गोधना चौराहा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर रविवार की सुबह साढ़े दस बजे ट्रक के धक्के से ऑटो रिक्शा पलट गया। इस घटना में आटो में सवार चार यात्री जख्मी हो गए वहीं एक ट्रैक्टर ट्राली भी क्षतिग्रस्त हो गई। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह दूसरी घटना में ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। यह संयोग ही था कि कार सवार सभी बाल बाल बच गए।
मिर्जापुर जिले के कैलहट निवासी आटो चालक बेचन (22) आटो में सवारी लादकर लंका वाराणसी से पीडीडीयू नगर जा रहा था। गोधना के समीप वह पहुंचा ही था कि राजस्थान के झालावाड़ से संतरा लादकर बिहार के सासाराम जा रहे ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ऑटो चालक सहित उसपर सवार गोधना निवासी गोपाल विश्वकर्मा (55), वाराणसी के शिवाला निवासी नित्यानंद पांडेय (45) व पीडीडीयू नगर नईबस्ती निवासिनी बीएचयू की छात्रा स्नेहा सिंह (19) घायल हो गए। ऑटो में टक्कर मारने के बाद ट्रक ने औद्योगिक नगर फेज एक से सीमेंट लेकर अलीनगर जा रहे ट्रैक्टर ट्राली में भी टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर ट्राली क्षतिग्रस्त हो गया। इसका चालक घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ट्रक चालक पंजाब के हबोर निवासी मंजीत सिंह को वाहन के साथ थाने लाकर अगली कार्रवाई में जुट गई। दूसरी तरफ घटनास्थल पर जब पुलिस क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा रही थी। उसी बीच गोरखपुर से माल लाद कर चंदौली की ओर जा रहे एक ट्रक ने बिंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे पटना निवासी बबलू यादव की कार में टक्कर मार दी। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ट्रक चालक अंबेडकर नगर निवासी तकीम खान को वाहन के साथ थाने लाकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।