चंदौली। भारत निर्वाचन आयोग नए मतदाताओं को सूची से जुड़ने के लिए एक और मौका दे रहा है। वहीं शनिवार को जनपद में जगह-जगह अलग बूथों पर मतदाता सूची से नाम जोड़ने के लिए कैंप लगाया गया। जिलेभर में लगे शिविर में 300 से अधिक लोगों ने मतदाता बनने के लिए आवेदन किया। जिले में पांच हजार से अधिक लोग आवेदन के बाद भी मतदाता बनने से छूट गए थे। इसके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से 25 फरवरी तक कैंप में मतदाता बनने के मौका दिया था। मतदाता बनने के लिए 25 फरवरी को आखिरी दिन है। इसके बाद मतदाता बनने का अवसर आगामी लोकसभा चुनाव तक नहीं मिल पाएगा।
जनपद के जो मतदाता लोकसभा की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए हैं या जिनका नाम किन्हीं कारणों से सूचीबद्ध नहीं हो पाया है, ऐसे नागरिक फार्म-6 को भरकर जरूरी दस्तावेज समेत बीएलओ को फार्म उपलब्ध करा सकते है। इसी कड़ी में शनिवार को निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद के सभी बूथों पर बीएलओ उपस्थित रहे और मतदाताओं का नाम सूची में अंकित करने के लिए उनके फार्म को भरा और फोटो व अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए। निर्वाचन आयोग के गाइड-लाइन के मुताबिक जिन युवा नागरिकों की उम्र बीते एक जनवरी को 18 वर्ष हो चुकी है वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए पात्र होंगे। ऐसे युवा मतदाता अपने दो रंगीन फोटो के साथ राशन कार्ड या आधार कार्ड एवं आयु प्रमाण-पत्र से संबंधित दस्तावेज की छायाप्रति के साथ-साथ परिवार के किसी एक सदस्य के वोटर कार्ड की छायाप्रति लेकर बूथ पर अपने बीएलओ से सम्पर्क करना होगा।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पहले दिन जनपद के सभी बूथों पर बीएलओ ने लगभग 300 से अधिक मतदाताओं के नाम बढ़ाने के फार्म प्राप्त किए है। हीरालाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी
प्रचार-प्रसार के अभाव में नहीं पहुंच सके लोग
चंदौली। मतदाता पहचान पत्र से जो लोग छूट गए थे, उनके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से अवसर दिया गया था। लेकिन जिले स्तर पर इसका प्रचार-प्रसार नहीं होने से कई बूथों पर मतदाता पहचान पत्र के लिए कोई पहुंचा ही नहीं। मुख्यालय स्थित पूर्व माध्यमिक विद्घालय में तैनात कर्मचारी दिनभर मतदाता सूची ही देखते रहे और वहीं मतदाताओं के आने का इंतजार करते रहे। अधिकतर लोगों को जानकारी ही नहीं है कि मतदाता पहचान पत्र उनके नजदीक के बूथों पर बनाया जा रहा है।