चंदौली। लोकसभा चुनाव को लेकर आयोग के निर्देश के बाद जिला प्रशासन की ओर से तैयारी तेज हो गई है। आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सभी विभागों से कर्मचारियों की तैनाती के डाटा फीडिंग का काम पूरा कर लिया है। इस बार लोकसभा चुनाव कराने के लिए प्रशासन को तकरीबन दस हजार से अधिक मैनपॉवर (कर्मचारियों-अधिकारियों) की जरूरत पड़ेगी। लोकसभा चुनाव -2019 को लेकर प्रशासन की ओर से सकुशल चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव का खाका खींच लिया है। हर मोर्चे पर जरूरी संसाधनों, मैनपॉवर का आंकलन कर उनको जुटाने के लिए पिछले दिनों जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों की तैनाती की थी। साथ ही सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया था कि चुनाव में लगने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार कर तत्काल आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कराएं। इसमें जिले के सभी विभागों के तैनात नोडल अधिकारियों ने चुनाव की डयूटी में तैनात कर्मचारियों के डाटा फीडिंग का कार्य गुरुवार को पूर्ण कर लिया गया। इसमें शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ ही अध्यापकों, शिक्षमित्रों, प्रचारकों संग अनुदेशकों की भी चुनावी डयूटी का खाका तैैयार किया गया है। सहायक निर्वाचन अधिकरी ने बताया कि चुनाव ड्यूटी की फिंडिंग पूरी हो गई है।