चंदौली। रेलवे के हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी शुक्रवार को स्थानीय मझवार रेलवे स्टेशन को कई सौगात दे सकते हैं। वह नवनिर्मित रिजर्वेशन हाल तथा इंजिनियंरिग विभाग के स्टोर का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह रेलवे कर्मचारियों के सरकारी आवासों का भी निरीक्षण करेंगे। जीएम के आगमन के मद्देनजर गुरुवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रंग रोगन का कार्य युद्ध स्तर पर चलता रहा। विभागीय उपेक्षा के चलते चंदौली मझवार स्टेशन पर जरुरी सुविधाओं का अभाव है। जबकि जिला मुख्यालय का स्टेशन होने के बाद भी यहां सुपर फास्ट एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं है। जबकि यहां से तीस करोड़ रुपये से अधिक आय प्रत्येक वर्ष होती है। रोजाना सैकड़ों लोग ट्रेन से यात्रा करते है। लेकिन शेडविहीन प्लेटफार्म, कैंटिन, शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। जीएम दोपहर 3.45 पर सैलून से स्थानीय स्टेशन पर पहुंचेगे। इसके बाद वह पीडब्ल्यूआइ स्टोर व नवनिर्मित रिजर्वेशन हाल उद्घाटन करेंगे। तत्पश्चात यात्री सुविधाओं के साथ ही कर्मचारियों के सरकारी आवासों का निरीक्षण करेंगे। वहीं जीएम के आगमन की जानकारी से नगर के लोगों में आशा की किरण दिखने लगी है। लोगों का कहना है कि महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी स्टेशन को कई सौगातें दे सकते है। स्टेशन प्रबंधक एसके नायक ने बताया कि जीएम के आगमन से पूर्व सभी कार्य पूर्ण हो गए है। वह रिजर्वेशन हाल और स्टोर रुम का उद्घाटन करेंगे।