पीडीडीयू नगर। पीडीडीयू जंक्शन पर अब दिव्यांगों के लिए सभी प्लेटफार्मों पर विशेष डिजाइन वाले शौचालय और मूत्रालय होंगे। यहां दिव्यांग निशुल्क इसका उपयोग कर सकेंगे।
एक अनुमान के मुताबिक यहां दो से तीन हजार विकलांग यात्री रोजाना होते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए आठ प्लेटफार्मों पर कुल 12 शौचालय हैं। इसमें छह महिला और छह पुरुष शौचालय हैं। इसमें अधिकतर पे एंड यूज शौचालय हैं। इन शौचालयों में दिव्यांगों को दिक्कत हो रही थी। निर्माण विभाग ने तीन लाख साठ हजार रुपये से दिव्यांगों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए चार शौचालयों का निर्माण कराया। वहीं एक महिलाओं के लिए शौचालय बना है। दिव्यांगों की सुविधा को देखते हुए प्लेटफार्म संख्या एक पर वातानुकूलित वेटिंग रूम के समीप, प्लेटफार्म संख्या तीन चार पर, पांच/छह पर और 7/8 पर रैंप के ठीक नीचे दिव्यांगों के लिए शौचालय और मूत्रालय बने हैं। इस शौचालय में जाने के लिए सीढ़ियों के बजाए रैंप बनाए गए हैं। शौच सीट के ठीक बगल में स्टील की हैंडिल लगाई गई है, वहीं बेसिन के पास भी हैंडल लगाया गया है। इस संबंध में आईओडब्लू घनश्याम दूबे ने बताया कि शौचालय बनकर तैयार हैं। जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। इससे दिव्यांग यात्रियों को सहूलियत होगी।