चंदौली। भूमाफियाओं ने धानापुर ब्लाक की जमीन को ही बेच दिया है। वहीं इसी गांव के कई आराजी नंबरों की कब्रिस्तान, शमशान की जमीन कामालियत लगाकर कुछ लोगों ने ग्राम समाज की जमीनों को भी हड़प लिया है। इसकी जानकारी होने के बाद गांव के लोगों में चकबंदी विभाग के अधिकारियों में जबरदस्त नाराजगी है। जबकि ग्राम प्रधान रेखा यादव सहित दर्जनों ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से कर चुके है।
सकलडीहा तहसील के धानापुर गांव में इन दिनों धारा 52 के तहत चकबंदी का कार्य चल रहा है। जिसमें विभागीय अनियमितता और भूमाफियाओं की सक्रियता के चलते सरकारी जमीनों की मालियत लगाकर ग्रामसभा की जमीनों को कुछ लोगों को दे दिया गया है। ग्राम प्रधान रेखा यादव ने बताया कि ब्लाक मुख्यालय की 2.20 एकड़ जमीन आराजी संख्या 1966 अभिलेखों में जोत के रुप में दर्ज है। लेकिन विभागीय लोगों ने इस जमीन की मालियत को एक व्यक्ति के नाम से दर्ज करते हुए उसके बदले उसे ग्रामसमाज की जमीन दे दिया है। इसी प्रकार गंगा नदी के किनारे ग्रामसमाज की जमीन को शमशान में दर्ज करके उसके बदले सड़क के किनारे की जमीन को उसी व्यक्ति के नाम से दे दिया गया। जबकि अभिलेख में दर्ज शमशान की जमीन आराजी संख्या 924 और 925 गंगा कटान के चलते नदी में समाहित हो चुकी है। इसी प्रकार निजी जमीन आराजी संख्या 1370, 13720 और 1373 को कक्रिस्तान में दर्ज करके उसके बदले उसी व्यक्ति के परिवार के सदस्य के नाम से सड़क के किनारे की कीमती जमीन सौंप दिया है। बताया कि इसकी शिकायत कई बार उच्चाधिकारियों से किया गया। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
धानापुर गांव में चकबंदी के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितता की शिकायत ग्रामीणों द्वारा किया गया है। अगर सरकारी जमीनों की मालियत लगाया गया है तो उसे वापस करा दिया जाएगा। किसी को भी ग्रामसभा की जमीन नहीं दिया जाएगा। रामअवध यादव, सीओ चकबंदी।