पीडीडीयू नगर। दिल्ली सहित उत्तर भारत में कोहरे का असर ट्रेनों के चाल पर पड़ रहा है। ट्रेनों की चाल पर कोहरे ने ब्रेक लगा दिया है। स्थिति यह है कि डाउन की ट्रेन 12 घंटे तक की देरी से स्थानीय स्टेशन पर पहुंच रही है। इससे यात्रियों को दिक्कत हो रही है। ट्रेनों की लेट लतीफी का फायदा स्टेशन के स्टाल संचालक उठा रहे हैं। ट्रेनों के समय सुधार और आरामदायक यात्रा के लिए लगातार तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। बावजूद इसके रेलवे कोहरे के आगे बेबस नजर आ रहा है। अभी कोहरे की शुरूआत ही हुई है कि ट्रेनों की लेटलतीफी शुरू हो गई है। अभी पूर्वांचल में कोहरे का असर कम है। इसी वजह से अप की ओर जाने वाली ट्रेन अपेक्षाकृत समय से चल रही है जबकि डाउन की ओर जाने वाली ट्रेन पांच से 12 घंटे की देरी से पहुंच रही है। शनिवार को डाउन की ओर गंगा सतलज साढ़े चार घंटे, हावड़ा दुरंतो एक घंटे, पंजाब मेल 12 घंटे, महाबोधि एक घंटे, फरक्का तीन घंटे, जोधपुर तीन घंटे, कोटा पटना पांच घंटे, नंदन कानन ढाई घंटे, आनंद बिहार रांची संपर्क क्रांति दो घंटे, सीमांचल डेढ घंटे, महानंदा डेढ घंटे की दूरी से स्थानीय स्टेशन पर पहुंची। इसी तरह अप की ओर जाने वाली पुरुषोत्तम और महाबोधी एक्सप्रेस डेढ़ डेढ़ घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची।