चंदौली। संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक उत्तर प्रदेश डा.एमपी भारती ने बुधवार को मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सरकार की ओर से मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का हाल जाना। इस दौरान मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर चेतावनी दी। साथ ही परिसर में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने पर सीएमसए डा. अरविंद सिंह को इसमें सुधार लाने की कड़ी चेतावनी दी। चेताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जेडी स्वास्थ्य डा. भारती ने जिला अस्पताल व महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी, ओपीडी, जन औषधि केंद्र, दवा भंडारण, एक्स-रे, अल्ट्रा सांउड, सीटी स्कीन, महिला व पुुरुष वार्ड संग बच्चों के एस एन सीयू वार्ड को देखा। साथ मरीजों से सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। जिला अस्पताल के परिसर में साफ सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने पर नाराजगी जताई। मरीजों के लिए बने भोजनालय कक्ष का निरीक्षण में भोजन की गुणवत्ता को जांचा। भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर नाराजगी जताई और सीएमएस डा. अरविंद सिंह को निर्देश दिया कि मरीजों को कम मिर्ची वाले भोजन दिए जाएं। साथ ही गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान डा. यूके वर्मा, डा. अनिल सुमन, सतीश सिंह, राजकुमार आदि उपस्थित थे।
इनसेट
डायलिसिस के लिए देखी जमीन
चंदौली। जेडी डा.एमपी भारती ने जिला अस्पताल परिसर में खुलने वाले डायलशिस की भूमि के बारे में सीएमएस डा.अरविंद सिंह से जानकारी ली। साथ निर्देश दिया कि इसकी कागजी कार्रवाई को तत्काल पूर्ण कराएं। सीएमएस ने कहा कि गत दिनों विभागीय अधिकारियों की ओर से भूमि का निरीक्षण किया गया था। इसकी सभी कार्रवाई पूरी कर शासन को अवगत करा दिया गया है।