पीडीडीयू नगर। पटना से कुर्ला जा रही अप 17609 पटना कुर्ला एक्सप्रेस का गार्ड के न आने से ट्रेन रेलवे स्टेशन से आधे घंटे की देरी से रवाना हुई। आधे घंटे तक स्टेशन पर गार्ड की खोजबीन होती रही। गार्ड केेे आने पर ही ट्रेन आगे बढ़ी।
भोर में अप पटना कुर्ला एक्सप्रेस करीब तीन बजे प्लेटफार्म संख्या छह पर आकर रुकी। निर्धारित ठहराव के बाद सिग्नल होते ही ट्रेन खुल गई। ट्रेन कुछ आगे चली कि गार्ड ने ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन के रुकते ही डिप्टी एसएस व आरपीएफ मौके पर पहुंचे और चेन पुलिंग की जांच पड़ताल करने लगे। चेन पुलिंग न मिलने पर गार्ड से पूछा तो बताया गया कि ट्रेन का गार्ड नहीं पहुंचा है। बताया कि उसकी ड्यूटी खत्म हो गई है और बिना गार्ड के ट्रेन आगे नहीं जाएगी। इसलिए ट्रेन को रोका गया है। इसके बाद गार्ड की खोजबीन शुरू हुई। आधे घंटे की खोज के बाद आउट गोइंग सतना हेडक्वार्टर गार्ड पहुंचे और इनकमिंग गार्ड से चार्ज लिया। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।