कंदवा। बरहनी विकास खंड क्षेत्र के चिरईगांव स्थित रेरुआ स्वतंत्र फीडर का जला ट्रांसफार्मर 15 दिन बाद शुक्रवार को भी नहीं बदला जा सका है। इसके चलते कर्मनाशा नदी में लगे लिफ्ट कैनाल बंद है। इससे किसानों के नर्सरी डालने का कार्य बाधित है। इससे किसानों में काफी गुस्सा है।
गौरतलब है कि 31 मई को रेरुआ स्वतंत्र फीडर के विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक तकनीकी खराबी आने से कर्मनाशा नदी में लगे नौबतपुर, चारी, चिरईगांव, मुड्डा, धनाइतपुर, अरंगी, अदसड़, ककरैत, करौती आदि लिफ्ट कैनालों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और लिफ्ट कैनाल बंद हो गए। ट्रांसफार्मर में आए तकनीकी गड़बड़ी के कारण किसानों के नर्सरी डालने का कार्य बाधित हो गया है । किसान रविशंकर सिंह, अजीत सिंह, राजेश सिंह, उदयनारायन सिंह, राजमोहन तिवारी, राजधर तिवारी ने बताया कि सिंचाई और बिजली विभाग के लोगों ने जांच के बाद ट्रांसफार्मर को जला बताया लेकिन आज तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका है। इससे किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल ट्रांसफार्मर बदले जाने की मांग की है। भाकियू भानू के तहसील अध्यक्ष सुमंत सिंह अन्ना और ब्लाक अध्यक्ष शिवबच्चन सिंह ने बताया कि लिफ्ट कैनाल को अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के रेरुआ फीडर से जोड़ा गया है लेकिन लो वोल्टेज के चलते कैनाल चल नहीं पा रहा है ।