मुगलसराय। नए वित्तीय वर्ष में आवंटित शराब की दुकानों के खुलने पर नगर में जगह-जगह विरोध शुरू हो गया है। नगर के जीटी रोड स्थित गुरुद्वारे के सामने सड़क पार देशी शराब का ठेका खुलने के विरोध में रविवार की शाम सिख समुदाय के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर पत्रक सौंपा। मांग की कि धार्मिक स्थल के सामने खुल रही देशी शराब की दुकान को अविलंब बंद कराया जाए।
गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष रघुवीर सिंह ने कहा धार्मिक स्थल होने के नाते सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालुुओं और महिलाओं का आवागमन लगा रहता है। कहा कि यदि दुकान खुल जाती है तो वहां शराबियों को अड्डा बन जाएगा वहीं इससे महिलाओं के साथ आम जनमानस को भी समस्या का सामना करना पड़ेगा। गुरुद्वारे के सामने देशी शराब का ठेके के खुलने का विरोध आसपास के लोगों ने भी किया है। लोगों ने सोमवार को जिला अधिकारी एवं जिला आबकारी अधिकारी से पत्रक देने की बात कही। कहा कि यदि इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान अमरीक सिंह, महेन्द्र सिंह, विक्की जुनेजा, नरेन्द्र पाल, अवतार सिंह, चंद्रकांत तिवारी डब्बा आदि मौजूद रहे।