चंदौली। जिला पंचायत की बैठक गुरुवार को कार्यालय स्थित सभागार में हुई। इसमें जिला पंचायत की ओर से कराए गए विकास कार्यों पर चर्चा करने के साथ ही वर्ष 2018-19 के लिए 38 करोड़ 98 लाख 28 हजार 664 रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई। जिला पंचायत सदस्यों ने बिजली, पानी और आवास निर्माण के मुद्दे पर अधिकारियों को खरी-खोटी भी सुनाई। अंत में देश की सीमा पर शहीद होने वाले जवानों के सम्मान में स्मृति द्वार बनाए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में अधिकारियों पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया गया। अपर मुख्य अधिकारी अशोक कुमार मद्घेशिया ने बताया कि वर्ष 2017 में जिला पंचायत की कुल आय 33 करोड़ 19 लाख 67 हजार रुपये रही। जिसमें 33 करोड़ दो लाख रुपये विकास कार्यों पर खर्च कर दिए गए। वहीं आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 38 करोड़ 98 लाख 28 हजार 664 रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई। इस दौरान जिला पंचायत द्वारा निर्मित दुकानों का किराया बढ़ाए जाने पर भी विचार किया गया। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए सदस्यों का आह्वान किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह ने कहा कि सदस्यों के सहयोग से जनपद में विकास को एक बार फिर नया आयाम दिया जाएगा। सीडीओ डा. अभय श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से लें। इस अवसर पर विधायक साधना सिंह, पीडी ऋषिमुनि उपाध्याय, सूर्यमुनी तिवारी, रमेश राय, भैरो गुप्ता आदि रहे।