चंदौली। खेल विभाग की ओर से गुरुवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज परिसर में जनपद स्तरीय ओपेन खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों और ग्रामीण क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपना दमखम दिखाया। मुगलसराय विधायक साधना सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
विधायक साधना सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के साथ ही उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। कहा कि खेल आयोजनों ने न सिर्फ शरीर और मस्तिष्क का विकास होता है बल्कि युवाओं को अपना लक्ष्य निर्धारित करने की भी प्रेरणा मिलती है। इस दौरान महिला वर्ग के आयोजनों में सौ मीटर और दो सौ मीटर दौड़ में प्रियंका तिवारी, पांच हजार मीटर और चार सौ मीटर में वंदना चौहान, लंबी कूद में चंदा राय, शाट पुट में अनिता कुमारी और पंद्रह सौ मीटर की दौड़ में आरजू शाक्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में सौ मीटर दौड़ में धर्मेंद्र कुमार, दस हजार मीटर में फूलचंद, पंद्रह सौ मीटर में विकेश कुमार, आठ सौ मीटर में लल्लू प्रसाद, पांच हजार मीटर में रामानंद, चार सौ मीटर में अमरजीत और शाट पुट में मनीष कुमार अव्वल रहे। इस दौरान एसडीएम सदर विकास कुमार सिंह, तहसीलदार गुलाब चंद्रा, प्रधनाचार्य डा. रामचंद्र शुक्ल, बृजेश कुमार सिंह आदि रहे।