इलिया (चंदौली)। क्षेत्र के भिटियां गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में रविवार को किसान महापंचायत का आयोजन हुआ। इसमें किसानों ने खाद व बीज को लेकर हुंकार भरी। साथ ही समस्याओं पर गहन विचार विमर्श किया। अध्यक्षीय संबोधन में किसान विकास मंच के जिलाध्यक्ष जयराम सिंह ने कहा देश में सर्वाधिक आबादी किसान-मजदूरों की है। आजादी के बाद से किसान समस्याओं से संघर्ष करते चले आ रहे हैं। सरकारें चुनावी दौर में किसान हित में कई वादे करती हैं पर समय बीतने के साथ ही किए गए वादे दिवा स्वप्न रह जाती हैं। महामंत्री प्रेमनाथ सिंह ने कहा मध्य प्रदेश में हक मांगने वाले किसानों पर गोलियां बरसा दी गईं। सरकार किसान हित के प्रति संवेदनशून्य है। वैसे तो प्रदेश में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। पर योजनाओं का लाभ हरेक किसान तक नहीं पहुंची है। जबकि सरकार का कार्यकाल छह माह पूरा होने वाला है। वर्तमान में धान की फसल पर रोग तेजी से लग रहे हैं। इससे बचाव का उपाय सुझाने वाले वैज्ञानिक मौन हैं। वहीं, खाद और बीज समितियों से गायब हैं। करइल इलाके में किसान सहकारी समिति नहीं होने किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। खखड़ा गांव में राजकीय बीज भंडार का संचालन चार दशक बाद भी नहीं हो सका है। ऐसे में यहां के किसान बीस किमी की दूरी तय कर बीज, खाद व कीटनाशक दवा का इंतजाम करने पर मजबूर हैं। निर्णय लिया संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए गांव-गिरांव में जागरूकता अभियान सितम्बर माह के पहले सप्ताह से प्रारंभ होगा। इस दौरान सुमंत सिंह, धनंजय प्रसाद, जवाहिर यादव, रमेश सिंह, सुशील पांडेय, शाहफैशल, नइमुर्रहमान, अरूण कुमार, रामप्रवेश सिंह, मंटू सिंह, दामोदर सिंह, एचडी सिंह आदि किसान मौजूद रहे।