सकलडीहा। तहसील क्षेत्र में डायरिया का प्रभाव रुक नहीं रहा है। सोमवार की देर रात धरहरा गांव के एक मासूम बच्चे की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गयी। वही मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डायरिया प्रभावित गांव पहुंचकर दवा और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
धरहरा गांव के मान सिंह चौहान को तीन पुत्र है। जिसमें आयुष साढ़े तीन साल और दो जोड़वा भाई आशु और आशुतोष ढ़ाई साल के हैं। सोमवार को शाम चार बजे से पहले तीनों भाईयों को उल्टी दस्त एक साथ शुरू होने पर परिवार के लोग उन्हे इलाज के लिए कस्बा स्थित सीएचसी पर ले गये। जिसमें आशु और आयुष की स्थित ठीक थी। वही आशुतोष की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिये रेफर कर दिया। इलाज के दौरान आशुतोष की देर रात को मौत हो गयी। वही घटना की जानकारी होने पर सीएचसी अधीक्षक गांव में पहुंचकर पीड़ित परिवार को दवा सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डा. आरबी शरण ने बताया कि धरहरा गांव में सिर्फ एक घर में घटना हुई थी। परिवार को दवा आदि की जानकारी दी गयी है और मनिहरा और डेढ़गांवा में भी दवा वितरण किया गया है।