सकलडीहा। स्थानीय ब्लाॅक सभागार में सोमवार को बीडीओ विजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में जीरो पावर्टी लाइन को लेकर बैठक हुई। इसमें बीडीओ ने गांवों में 25 अत्यंत गरीब परिवारों के चयन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। साथ ही एप के माध्यम से एक महीने के अंदर यह प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
बीडीओ ने बताया कि हर गांव से 25 ऐसे परिवारों का चयन करना है, जो सबसे ज्यादा निर्धन हैं। न तो उनके पास आवास हो और न आय का कोई नियमित जरिया हो। ऐसे परिवारों को चिह्नित कर एप पर इनका डाटा फीड किया जाएगा। इसके लिए रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, समूह सखी और बीसी सखी जाकर सर्वे करेंगी। इसके बाद ब्लाॅक की टीम सत्यापन करेगी। चयनित परिवारों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने, नियमित रोजगार के अवसर प्रदान कराने के साथ ही खाद्यान्न भी दिया जाएगा। केंद्र व प्रदेश की योजनाओं से आच्छादित कर एक साल के भीतर उनको गरीबी रेखा से बाहर किया जाएगा। इस मौके पर एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय, एडीओ आईएसबी हवलदार यादव, एपीओ अभिनव पांडेय आदि रहे।