बैठक को संबोधित करते इकबाल महमूद।
कृषि विज्ञान केन्द्र के सभागार में सोमवार को जिला योजना समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिले के 224 करोड़ की विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई। इस दौरान सूबे के खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन मंत्री इकबाल महमूद ने कहा कि जनपद के अधिकारी चुस्त हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि सुस्त हैं।
जनपद के स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल, नलकूप सहित तमाम विभागों ने कुल 224 करोड़ रुपये की योजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया था। जिसे बैठक में अनुमोदित किया गया। इसके पूर्व अधिकारियों ने योजना का प्रारूप प्रस्तुत किया। उस पर जनप्रतिनिधियों ने सहमति जता दी। बैठक में मंत्री ने कहा कि जनपद में कहां-कहां, किन योजनाओं के माध्यम से विकास कार्य हो रहे हैं, उसकी जानकारी संबंधित व्यक्ति को होनी चाहिए। विकास से जुड़े जो भी एजेंडे हैं, उन्हें अमलीजामा पहनाया जाएगा। डीएम कुमार प्रशांत ने कहा कि चन्दौली जिला कृषि प्रधान है। यहां कृषि आधारित योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चकिया के जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राव ने आंधी में गिरे पोलों की मरम्मत और हैंडपंप का मुद्दा उठाया। इस अवसर पर चकिया विधायक पूनम सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह, छत्रबली सिंह, सत्यनारायण राजभर, मुलायम सिंह यादव, महेंद्र राव, संतोष यादव, मुकेश कुमार, बलिराम यादव आदि रहे।