पीडीडीयू नगर। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की नींद उड़ा दी है। सोमवार की रात जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट में 29 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें पीडीडीयू नगर के पांच संक्रमित शामिल हैं। नगर के सिद्धांतपुराम कालोनी और ईस्टर्न बाजार सहित जिले के 29 नए हाट स्पाट बनाए गए हैं। इसी तरह चकिया, शहाबगंज, चंदौली, बरहनी, धानापुर नियामातबाद में भी मरीज मिले हैं। इन इलाकों को सैनिटाइज के साथ साफ-सफाई शुरू करा दी गई है।
जिले में अब तक 979 संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें 305 एक्टिव केस हैं जबकि एक बच्चे सहित नौ लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 665 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। सोमवार की रात आई कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट में पीडीडीयू नगर के सुभाष नगर, रेलवे हास्पीटल, सिद्धांतपुरम्, मानस नगर और ईस्टर्न बाजार में कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इसी तरह नियमताबाद ब्लाक के मवई खुर्द, डाड़ी, सकलडीहा ब्लाक संघति और चाँदपुर में मरीज मिले हैँ। वहीं चकिया ब्लाक के सिकन्दरपुर, नेवाजगंज, देवरी कला में मरीज मिलने से ग्रामीण परेशान है। नेवाजगंज में लगातार मरीज मिलने से प्रशासन के साथ ग्रामीणों में भी खलबली है।
वहीं शहाबगंज ब्लाक के भूसीकृत पुरवा और नगर पंचायत सैयदराजा के वार्ड नंबर चार, नगर पंचायत चन्दौली में मठ वाली गली और जिला अस्पताल एवं एमसीए विंग में मरीज मिले हैं। इसी तरह धानापुर ब्लाक के मदुरा, कारी और पगही में नए मरीज मिले हैंद्घ जबकि बरहनी ब्लाक के पौनी गांव में सोमवार की रात नए मरीज मिलने से गांव में दहशत है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने गांवों को हाट स्पाट करते हुए बांस बल्ली से सील करने का काम तेज कर दिया है। साथ ही ग्रामीणों को घरों में रहने की हिदायत दी गई है। वहीं थर्मल स्क्रीनिंग के साथ साफ सफाई और सैनिटाइजेशन का काम शुरू करा दिया गया है। जरूरत के सामान लोगों को घरों तक पहुंचाए जांएगे। निगरानी के लिए वालिंटियर्स लगा दिए गए हैं। ताकि गांव में कोई बाहर न निकले और लोग घरों में रहें।