नौगढ़। तहसील के तेंदुआ गांव के आंबेडकर मैदान पर शनिवार को तीन दिवसीय अंतरजनपदीय वालीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को वरिष्ठ समाजसेवी चंद्रप्रकाश दुबे ने फीता काटकर और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता आरंभ कराई।
उन्होंने कहा कि नौगढ़ जनपद का पिछड़ा क्षेत्र भले हो लेकिन यहां खिलाड़ियों का हौसला हमेशा बुलंद रहता है। जीत या हार से ज्यादा महत्व प्रतियोगिता में भाग लेने का है। कहा कि हार से निराश नहीं होना चाहिए बल्कि उससे सबक लेकर कमियों में सुधार किया जाना चाहिए। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बाघोर स्पोर्टिंग क्लब सोनभद्र, तेंदुआ स्पोर्टिंग क्लब, मजगांवा स्पोर्टिंग क्लब, जय मां अमरा भवानी स्पोर्टिंग क्लब और धाकड़ स्पोर्टिंग क्लब के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उपस्थित दर्शक करतल ध्वनि से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे। इस मौके पर ग्राम प्रधान विमलेश कुमार, अजय त्रिपाठी, पन्नालाल भारती, अखिलेश यदुवंशी, शिवपूजन मौर्य, श्यामलाल आदिवासी, मेवालाल मौजूद रहे।