धानापुर। पठानटोली स्थित खेल मैदान पर चल रहे पीएफसी फुटबाल कप के तीसरे दिन सोमवार को दिग्घी व धानापुर के बीच मैच खेला गया। इसमें दिग्घी की टीम 6-2 से विजयी रही। मुख्य अतिथि जीनियस इंग्लिश स्कूल के प्रबंधक अब्दुल समद अली ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खेलकूद प्रतियोगिता से युवाओं में प्रतिस्पर्धा का संचार होता है। युवाओं को इस तरह के आयोजन से आगे बढ़ने का मौका मिलता है। खेल से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। वहीं मैच के पहले हाफ में दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। दूसरे हाफ के तीन मिनट के खेल के बाद धानापुर की टीम ने गोल दाग कर मैच में 2-1 की बढ़त बना ली। खेल के बचे अंतिम दस मिनट में दिग्घी ने ताबड़तोड़ चार गोल कर मैच का पासा ही पलट दिया। टीम के अरविंद यादव और आजाद यादव ने दो-दो गोल ठोंक दिए। अंतिम परिणाम दिग्घी के पक्ष में रहा। इस दौरान मुनव्वर खान, मासूम, शमशाद खान, आफताब मौजूद रहे।