पीडीडीयू नगर/नियामताबाद। ग्रामीण इलाकों में घूम रहे छुट्टा पशुओं को अब ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी चिह्नित कर उन्हें रखने की व्यवस्था करेंगे। इसके लिए जिलेस्तर से निर्देश मिलने के बाद ग्राम प्रधान और सेक्रेट्ररी ने ऐसे पशुओं को रखने के लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी है ताकि अस्थायी तौर पर गौशाला बनाया जा सके। अस्थायी गौशालाओं का निर्माण न्याय पंचायत स्तरपर पर कराया जाएगा। छुट्टा पशुओं की समस्या दिन पर दिन गंभीर होती देख मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन हरकत में आया है। जिलाधिकारी ने बैठककर डीपीआरओ को तत्काल छुट्टा पशुओं को पकड़कर अस्थायी तौर पर गौशालाओं को बनाने और उसमें रखने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन के निर्देश पर बीडीओ ने समस्त वीडीओ और ग्राम प्रधान मिलकर अपने ग्राम पंचायतों में छुट्टा पशुओं को चिन्हित कर अस्थाई तौर पर गौशालाओं को बनाने और उसमें रखने का निर्देश दिया है। जहां पर पशुओं को रखने के साथ-साथ पानी और चारे की व्यवस्था होगी। इसके लिए पर न्याय पंचायत स्तर पर एक अस्थायी गौशाला बनाने की योजना है। इसके लिए चहारदीवारी का कार्य मनरेगा से कार्य कराया जाएगा। नियामताबाद ब्लाक के बीडीओ राजन राय ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी और ग्रामप्रधानों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने ग्राम पंचायतों से छुट्टा पशुओं को पकड़कर अस्थायी तौर पर गौशाला का निर्माण कराएं और उसमें उन्हें रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।