कंदवा/सैयदराजा। केंद्र और प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को समाप्त कर विकास करने के लिए संकल्पित है। देश और प्रदेश में विकास के लिए अभियान चलाकर कार्य कराए जा रहे हैं। विकास की राह में रोड़ा बनने वाले कई अधिकारी और कर्मचारी सीधे रास्ते पर आ गए हैं। शनिवार को कंजेहरा गांव में राजभर बुद्धिजीवी समाज की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में ये बातें प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण राज्यमन्त्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिल राजभर ने कहीं। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान के लोगों तक पहुंचे। सरकार ने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, अटल पेंशन योजना, किसान दुर्घटना बीमा, फसल बीमा योजना और फसलों की लागत का डेढ़ गुना मूल्य निर्धारित कर गरीब व किसानों को मजबूत करने का काम किया है। प्रदेश सरकार ने खजाना खाली होने के बाद भी केंद्र सरकार की मदद लिए बिना किसानों का 36 हजार करोड़ रुपए का कृषि ऋण माफ किया है। अंत में उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुन निस्तारण का भरोसा दिया। इस मौके पर विंध्याचल यादव, मनोज सिंह, रमेश शर्मा, अलगू यादव, चंद्रमा राम, वीरेंद्र सिंह, शैलेंद्र गुप्ता, मुन्ना सिंह, अशोक यादव, बनारसी मौजूद रहे। आयोजक सीजेंद्र राजभर और बालिस्टर यादव ने आभार व्यक्त किया।