दो कच्चा मकान गिरे, गृहस्थी का समान हुआ नष्ट
इलिया और हसनपुर तिरगॉवा का मामला
सचित्र 17
अमर उजाला ब्यूरो
इलिया/टांडाकला। जिले में हो रही रिमझिम बारिश से जहां लोग राहत महसूस कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों के लिए बारिश आफत साबित हो रही है। सोमवार की सुबह इलिया कस्बा स्थित एक कच्चा मकान भरभरा कर धराशायी हो गया वहीं बारिश के चलते टांडाकला के हसनपुर तिरगॉवा स्थित निषाद बस्ती में मिट्टी का बना मकान गिर गया। दोनों ही घटनाओं में घरों में रखा घर का सामान दबकर नष्ट हो गया। हालांकि गनीमत यह रही कि इस दौरान किसी को भी चोटिल नहीं हुआ।
इलिया संवाददाता के अनुसार सोमवार की सुबह कस्बा स्थित कन्हैया यादव का कच्चा मकान भरभरा कर धराशाई हो गया। उस दौरान किसी के भी घर के भीतर नहीं होने से लोगों की जान बच गई। घटना में घर में रखा अनाज समेत गृहस्थी का सामान पूरी तरह से नष्ट हो गया। ग्राम प्रधान इंदू देवी ने तहसील प्रशासन से मुआवजा की मांग की है। टांडाकला संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के हसनपुर तिरगांवा गांव स्थित निषाद बस्ती में सोमवार की सुबह बारिश के चलते गोविंद निषाद का कच्चा मकान ढह गया। इसमे घर में रखा सामान नष्ट हो गया। घटना के बाद से परिवार के सामने समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्राम प्रधान सुभाष यादव ने पीड़ित परिवार को मदद देने की मांग जिला प्रशासन से की है।
इनसेट
डाल टूटकर गिरने से गाय की मौत
चहनियां। सोमवार की भोर में बारिश के चलते बलुआ थाना क्षेत्र के बछौली गांव में पेड़ की डाल टूटकर जितेंद्र सिंह के मकान की दीवाल पर गिर गई। इससे जहां दीवाल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई वहीं पास में खड़ी गाय मलवे में दबकर मौत हो गई।