मुगलसराय। डिब्रूगढ़ से दिल्ली जा रही अप ब्रह्मपुत्र मेल के दो कोच में आई तकनीकी खराबी की वजह से ट्रेन सोमवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर दो घंटे खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों ने कोच बदलने की मांग को लेकर हो हल्ला किया। आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग की टीम ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। बाद में टेक्निशियनों की टीम ने गड़बड़ी को दूर किया और ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।
अपने निर्धारित समय साढ़े चार बजे से दस मिनट की देरी से स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार पर पहुंची थी। ट्रेन के रुकते ही स्लीपर कोच संख्या एस-9 और 10 के यात्रियों ने संबंधित अधिकारियों से तकनीकी समस्या की शिकायत की लेकिन ध्यान नहीं दिया। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन खुल गई। इससे यात्री नाराज हो गए और ट्रेन को रोक दिया तथा दोनों कोच बदलने की मांग को लेकर हो हल्ला करने लगे। यात्रियों ने कहा कि पटना से ही ट्रेन में गड़बड़ी लग रही है। चलते समय तेज आवाज आ रही है। इसकी शिकायत पिछले स्टेशनों पर की गई लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। ट्रेन रुकने की सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। बाद में टेक्निशियनों की टीम ने जांच पड़ताल कर गड़बड़ी को दूर की। इसके बाद यात्री शांत हुए और शाम छह बजकर 40 मिनट पर ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इस संबंध में स्टेशन निदेशक हिमांशु शुक्ला ने बताया कि तकनीकी खराबी की वजह से ट्रेन रुकी थी। गड़बड़ी दूर कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।