चंदौली। आईजीआरएस से जुड़े मामले की जांच के लिए शासन स्तर से गठित जांच टीम मंगलवार को बीएसए कार्यालय में पहुंची। टीम का नेतृत्व कर रहे संयुक्त विकास आयुक्त राजीव बनकटा और एडी बेसिक विजय शंकर मिश्र ने करीब दो घंटे तक अभिलेखों की गहन जांच की। इस दौरान निवर्तमान बीएसए संतोष सिंह भी मौजूद थे। अधिकारियों ने जांच के विषय में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। हालांकि जांच प्रक्रिया के दौरान विभागीय कर्मचारी परेशान नजर आए।
संयुक्त विकास आयुक्त राजीव बनकटा और एडी बेसिक विजय शंकर मिश्र अचानक बीएसए कार्यालय पहुंच गए। अधिकारियों को देखकर विभागीय कर्मचारी सकते में आ गए। संयुक्त विकास आयुक्त ने वर्ष 2017 के कुछ महत्वपूर्ण अभिलेख मंगाए और उनका गहनता से निरीक्षण किया। तत्कालीन बीएसए संतोष कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद थे। उनसे भी पूछताछ की गई। जांच टीम दो घंटे से अधिक समय तक कार्यालय में रही और पत्रावलियों की पड़ताल की। इस दौरान कर्मचारी परेशान रहे और जांच को लेकर तमाम तरह से कयास लगाते रहे। संयुक्त विकास आयुक्त राजीव बनकटा ने बताया कि एक महत्वपूर्ण जांच के लिए शासन स्तर से तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें एडी बेसिक और जेडी शिक्षा भी शामिल हैं। जांच आख्या शासन को सौंप दी जाएगी। जांच टीम ने इससे अधिक कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। हालांकि चर्चा रही कि जांच तत्कालीन बीएसए संतोष सिंह के कार्यकाल में किए गए स्थानांतरण और नियुक्तियों से जुड़ी है।