सकलडीहा। खंड विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय शुक्रवार को विकास खंड के बढ़वलडीह गांव में विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास निर्माण का मस्टररोल न बनाए जाने पर नाराजगी जताते हुए रोजगार सेवक को बर्खास्त करने की चेतावनी दी। वही बगैर टेंडर लगाए गए सोलर लाइट की जांच कराने के लिए सीडीओ को पत्र भेजा।
क्षेत्र के बढ़वलडीह गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2016-17 में 12 और 2017-18 में सात आवास लाभार्थियों को निर्माण के लिये स्वीकृत हुआ है। शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय ने निरीक्षण के दौरान आवास निर्माण कार्य में विलंब होने पर नाराजगी जताया और साथ ही आवास निर्माण में मनरेगा के तहत लगे श्रमिकों के मजदूरी के बकाया 95 दिनों का मस्टररोल तैयार न होने पर रोजगार सेवक को बर्खास्त करने की चेतावनी दी। इस संबंध में बीडीओ श्रवण कुमार राय ने बताया कि सोलर लाइट बगैर टेंडर कराए प्राइवेट संस्था से लगवाया गया था जबकि शासन द्वारा नेडा से लगवाने का निर्देश मिला है। जिसकी जांच के लिये सीडीओ को पत्र लिखा जाएगा। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी राजाराम, ग्राम प्रधान सुषमा यादव, जोगी यादव, मोनू सिंह आदि मौजूद रहे।