चंदौली। लोकसभा चुनाव में पीआरडी के जवान भी मोर्चा संभालेंगे। रविवार को तीन सौ जवानों को विकास भवन से जनपद के विभिन्न थानों के लिए रवाना किया गया। तैनाती आदेश लेने के लिए पीआरडी के जवान सुबह से विकास भवन परिसर में एकत्र रहे।
प्रांतीय रक्षक दल के जवानों को सदर कोतवाली में 30, सैयदराजा 26, अलीनगर 26, मुगलसराय 40, सकलडीहा 18, बलुआ 25, धीना व धानापुर 30, कंदवा 16, चकिया 20, बबुरी और शहाबगंज 30, इलिया 15 तथा 24 को नौगढ़ व चकरघट्टा के लिए रवाना किया गया। इसके अलावा पांच महिलाओं को अलीनगर महिला थाने में तैनाती दी गई। जहां जवानों को थानों में यातायात व्यवस्था समेत अन्य जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। विकास भवन स्थित जिला युवा कल्याण कार्यालय से पीआरडी जवानों को थानावार ड्यूटी के लिए रवाना किया गया। जिला युवा कल्याण अधिकारी अवधेश नारायण सिंह ने बताया कि पीआरडी जवानों की थानावार नियुक्ति की गई है। थानाध्यक्ष व पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर सूचित कर दिया गया है। बताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान पीआरडी के जवान को बूथों पर तैनाती के लिए अभी निर्देश नहीं प्राप्त हुआ है। इसलिए पीआरडी के जवान थानों पर ही तैनात किए जाएंगे।