कंदवा। बरहनी विकास खंड क्षेत्र के तेल्हरा-बहेरा मार्ग पर निर्माण के नाम पर आठ माह पूर्व से गिट्टी डालकर छोड़ देने से लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों को दो किलोमीटर की दूरी तय करने में काफी समय लग जा रहा है। इससे उनमें रोष व्याप्त है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा बहेरा से तेल्हरा जाने वाली करीब दो किमी लंबी सड़क का निर्माण कार्य आठ माह पूर्व शुरू कराया गया था। ठेकेदार की लापरवाही और विभागीय उदासीनता के चलते आज तक मार्ग का निर्माण कार्य अधूरा है। मार्ग पर बड़ी-बड़ी गिट्टियां डालकर ठेकेदार गायब हो गया है। इससे लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए ग्रामीणों को पांच किलोमीटर दूर घूम कर आना पड़ता है। ग्रामीण विजय शंकर सिंह, अजीत सिंह, जोगी सिंह, रिंकू सिंह, भोला यादव आदि का कहना है कि मार्ग पर पड़ी गिट्टियों से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि मार्ग के बन जाने से अरंगी, दरौली, तेल्हरा, बहेरा आदि गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा हो जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अधूरे पड़े सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाने की मांग की है।