सैयदराजा। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर बगहीं गांव के समीप सोमवार को दोपहर में बगहीं गांव के समीप ट्रक ने मारूति वैन को पीछे से टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार चार से पांच बार पलटी खाकर रुकी। इस घटना में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज निजी अस्पताल में कराया गया।
दाहाघाट नालंदा बिहार निवासी टिंकू कुमार (25), राजीव कुमार (30), राकेश कुमार (25) निवासी जहानाबाद और रोहित (24 ) निवासी बिहार शरीफ दिल्ली से वैन खरीद कर वापस लौट रहे थे। दोपहर में एक बजे कार बगहीं गांवके समीप पहुंची थी कि पीछे से आ रहे ट्रक ने वैन में टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग गया। टक्कर देखकर आस पास के लोग घबरा गए। अनहोनी की आशंका में पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकाला। यह आश्चर्यजनक ही था कि इतनी तेज टक्कर के बावजूद सवार गंभीर रूप से चोटिल नहीं हुए, लेकिन वे इतने खौफ में थे कि कुछ बोल नहीं पा रहे थे। सभी को आनन फानन में निजी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छूट्टी दे दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कागजी कार्रवाई शुरू की।