चंदौली। निजी दुकानदारों द्वारा उंचे दामों और नकली खाद बेचने की शिकायत पर गुरुवार को जनपद में जांच अभियन चलाया गया। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने मानक के विपरीत खाद बेचने पर तीन दुकानों का लाइसेंस निलंबित कर दिया। वहीं 13 दुकानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया और चार दुकानदारों को कारण बताओं नोटिस जारी किया। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती और जिला मत्स्य अधिकारी वीएन सिंह ने सकलडीहा विकास खंड क्षेत्र में गुरुवार को 15 निजी खाद की दुकानों की जांच की। जांच के दौरान अधिकारियों ने पांच दुकानों से खाद के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया और दो दुकानदारों को मानक के विपरीत खाद बेचने पर कारण बताओं नोटिस जारी किया। वहीं कृषि रक्षा अधिकारी अमित जायसवाल और एआर कोआपरेटिच सोमी सिंह ने सदर क्षेत्र के दुकानों की जांच की। यहां जांच के दौरान तीन दुकानों का लाइसेंस निलंबित और दो दुकानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया। मानक के विपरीत मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस भी थमा दिया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एसपी पांडेय और भूमि संरक्षण अधिकारी ने चकिया और नौगढ़ क्षेत्र में खाद की दुकानों की जांच की। इस दौरान दो दुकानों से सैंपल भी लिया गया। इसी प्रकार उप संभागीय कृषि अधिकारी और जिला उद्यान अधिकारी ने दिनदयाल उपाध्याय नगर क्षेत्र में दुकानों की जांच की। जहां दस दुकानों की जांच में चार से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।