नौगढ़। तहसील मुख्यालय से सटी बस्ती में बुधवार को लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़क में घटिया सामग्री का प्रयोग किए जाने का आरोप लगा ग्रामीणों ने कार्य रोकवा दिया। उन्होंने ठेकेदार पर धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए सड़क निर्माण के लिए आए मजदूरों को भगा दिया। सूचना पर पहुंचे विभाग के अभियंता सुजीत विश्वकर्मा ने गुणवत्ता युक्त कार्य कराने का आश्वासन देकर आक्रोशित ग्रामीणों को शांत किया। चकिया विधायक शारदा प्रसाद की संस्तुति पर किशन यादव के घर से राम मूरत यादव के घर तक सड़क बनाई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप था कि सड़क निर्माण में धूल युक्त गिट्टी और घटिया तारकोल का उपयोग किया जा रहा है। कार्य का विरोध करने पर संबंधित ठेकेदार सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने संबंधी मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर सड़क का निर्माण ठीक ढंग से नहीं हुआ तो 15 जनवरी को नौगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी से शिकायत की जाएगी। कार्य रोकवाने वालों में दीपक जायसवाल, राजेश शर्मा, राजकुमार साहनी, रामप्रसाद जायसवाल, लक्ष्मी साहनी, दीपक गुप्ता, उदय शर्मा, हंसलाल साहनी, सुनील विश्वकर्मा, विक्की साहनी, सागर गुप्ता शमिल थे।