सकलडीहा। विकासखंड के फेसुड़ा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। वे डीएम और सीडीओ की लाख कवायद के बावजूद गांव में प्रधान और सचिव द्वारा मानक के अनरूप कार्य नहीं कराए जाने का आरोप लगा रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधान और सचिव के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। सूचना पर पहुंचे बीडीओ गुलाब सोनकर ने गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
ग्रामीणों का आरोप था कि ग्राम पंचायत का गठन हुए तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी गांव में कोई कार्य मानक के अनरूप नहीं कराया गया है। गांव में नाली व खंड़जे टूट गए हैं। साफ-सफाई का कार्य बाधित चल रहा है। गरीबों का मजदूरी का भुगतान नही हो पाया है। शौचालय व पीएम आवास भी पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध नहीं है। शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी प्रधान की ही सुन रहे हैं। उन्होंने डीएम, सीडीओ व डीपीआरओ से कराए गए कार्यो की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में राममनोहर, सीता राम, बाबूलाल, गुड्डू, विजय, रमेशचंद्र शामिल रहे।