सैयदराजा। नगर स्थित धान क्रय केंद्र के लगातार बंद रहने की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी नवनीत सिंह ने तहसीलदार पीसी यादव को निरीक्षण करने का निर्देश दिया था। निर्देश मिलने के बाद सोमवार को तहसीलदार धान क्रय केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने धान क्रय केंद्र पर ताला लटकता पाया। उन्होंने अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपने की बात कही है।
क्रय केंद्र पहुंचे तहसीलदार ने आस पास लोगो से पूछताछ की। लोगों ने बताया कि गल्ला वितरण के समय तो केंद्र खोला जाता है लेकिन धान व गेहूं के क्रय की बारी आने पर कम ही खुलता है। बताया कि धान व गेहूं बेचने को दूर दराज से आने वाले किसान क्रय केंद्र पर ताला लटका देख वापस चले जाते हैं। इससे किसानों को काफी दिक्कत होती है। कहा, एक ओर शासन की मंशा है कि क्रय केंद्रों पर ज्यादा से ज्यादा किसानों के धान व गेहूं की खरीदारी की जाए लेकिन कुछ अधिकारी शासन की इस मंशा पर पानी फेर रहे हैं। सदर तहसीलदार ने बताया केंद्र पर ताला लटकने के संबंध में वे डीएम को शीघ्र रिपोर्ट प्रेषित करेंगे।