पीडीडीयू नगर। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रविवार को जिले के प्रत्येक बूथ पर मतदाता पुनरीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से जोड़ने के अलावा मृत मतदाताओं का नाम सूची से काटा गया। इसके अलावा रहने का स्थान परिवर्तित कर चुके लोगों का नाम भी सूची से बाहर किया गया।
सूची में नाम जोड़ने के लिए सुबह से ही नए व छूटे मतदाताओं की भीड़ बूथों पर जुटने लगी थी। इनमें 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं की संख्या सबसे ज्यादा थी। इसके अलावा मृत व आवास छोड़कर अन्यत्र जा चुके मतदाताओं के नाम में संशोधन किया गया। नगर के सभी 25 वार्डों में सुपरवाइजर की देखरेख में बीएलओ, अध्यापक आदि ने मतदाता सूची में सुधार का कार्य किया। नए मतदाताओं का नाम सूची से जोड़ने के साथ विलोपन में मृतकों का नाम हटाया गया। इस मौके पर सभी वार्डों के सभासद भी मौजूद रहे। नगर पालिका इंटर कालेज में सभासद प्रतिनिधि महेंद्र पटेल, खालिद वकार आबिद आदि मौजूद रहे। इसके अलावा जिले के सभी नौ ब्लाकों में भी मतदाता सूची पुनरीक्षण शिविर लगाया गया।