कंदवा। घट रहे कर्मनाशा नदी के जलस्तर में शुक्रवार को एकबार फिर बढ़ाव देख तटवर्ती गांवों के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई है। एक दिन पूर्व नदी के जलस्तर में कुछ घटाव से लोगों को राहत मिली था लेकिन नदी के पानी में फिर से उफान देखकर लोग सहम गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बांध का पानी नदी में छोड़े जाने से जलस्तर में यह बढ़ोतरी हुई है। ग्रामीणों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए नदी के तटवर्ती इलाकों अरंगी, ककरैत व नौबतपुर मे स्वास्थ्य विभाग ने अपनी चौकियां स्थापित कर दी हैं। प्रत्येक चौकी पर दो आशा, एक एएनएम व एक चिकित्सक की तैनाती की गई है। चौकियों पर पीड़ित लोगों को दवाइयां भी वितरित की जा रही हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी बरहनी डॉ. रितेश कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर चौकियां स्थापित की गई हैं। चौकियों पर लगातार स्वास्थ्य विभाग की टीम कार्य कर रही है। (ब्यूरो)