सकलडीहा। स्थानीय डायट से संचालित निजी बीटीसी शिक्षण संस्थानों में बीटीसी प्रशिक्षुओं से मनमानी शुल्क लेने से अभिभावकों में नाराजगी है। बुधवार को युवा संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने डायट पर निजी शिक्षण संस्थानों की मनमानी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की मांग किया।
युवा संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की हिदायत के बावजूद निजी बीटीसी शिक्षण संस्थान मनमाना शुल्क वसूल रहे है। आगामी 25 अप्रैल से बीटीसी प्रशिक्षुओं की परीक्षा होना है। परीक्षा फार्म के नाम पर संस्थान के संचालक दो से तीन हजार पहले ले चुके है। बायोमेट्रिक उपस्थिति के नाम पर दस से 12 हजार की मांग किया जा रहा है। नाराज युवा संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने डायट पर पहुंचकर विरोध जताया। परीक्षा नियामक और डायरेक्टर से निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ जांचकर कार्रवाई की मांग उठाया। इस संबंध में डायट प्राचार्य डा. पारसनाथ ने बताया कि शिकायत को उच्चाधिकारियों तक अवगत कराया जायेगा। इस मौके युवा मोर्चा के संयोजक शैलेंद्र पांडेय, अजय कुमार सिंह, दुर्गेश सिंह रूद्र पाठक, आशीष, रोहित तिवारी, योगेंद्र मिश्रा, संदीप पांडेय, सुरेश यादव मौजूद रहे।