चकिया। फेयर प्राईज शॉप डीलर्स एसोसिएशन चकिया इकाई के तत्वावधान में स्थानीय ठाकुर बाग में रविवार को चकिया तथा नौगढ तहसील के समस्त कोटेदारों की बैठक जिलाध्यक्ष विश्वम्भर मौर्य की अध्यक्षता में हुई। जिसमें अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया तथा इसे रोकने की मांग प्रशासन से की गई तथा कोटेदारों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराने के निर्णय लिया गया साथ भाड़े के अभाव में एमडीएम का राशन न उठाने का भी निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष विश्वम्भर मौर्य ने कहा कि कोटेदारों को प्रति ड्रम 10 लीटर मिट्टी का तेल कम दिया जा रहा है तथा राशन की गोदाम में घटतौली की जा रही है। उन्होंने कहा कि एमडीएम के राशन का ढुलाई भाड़ा पिछले 17 वर्षां से कोटेदारों का बकाया है। जिसे देने की पहल शासन द्वारा नहीं की जा रही है। बैठक में डोर-टू-डोर स्टेप डिलिवरी सिस्टम को लागू करने, कोटेदारों से अवैध धन उगाही बंद कराने, मीड-डे-मील के राशन की ढुलाई का भाड़ा देने तथा राशन एवं मिट्टी के तेल में की जा रही घटतौली बंद करने तथा राशन की तौल इलेक्ट्रानिक काटे से करने की मांग की गई। इस दौरान बद्री नारायण चौबे, अमरनाथ गुप्ता, सर्वजीत दूबे, जामवंत सिंह, मोहन सिंह, अशोक सिंह, कमलेश, रमाशंकर विश्वकर्मा, सुदर्शन राम, रामबहाल यादव, राम सागर, अशोक केशरी, लालू, रामजी गुप्ता, सियाराम, रविन्द्र नाथ पांडेय, अरूण कुमार सहित चकिया तथा नौगढ तहसील के तमाम कोटेदार मौजूद थे।