मुगलसराय। रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडिंग की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर रविवार की देर शाम सहायक वाणिज्य प्रबंधक अंजय तिवारी ने स्टेशन और ट्रेनों में छापेमारी की। इस दौरान बड़े पैमाने पर पानी की बोतल, फल और खाद्य के पैकेट जब्त किए गए। इसी तरह अवैध ढंग से खाद्य सामग्री बेच रहे पांच वेंडरों का चालान किया गया। इस अभियान से स्टेशन पर अवैध वेंडरों में खलबली की स्थिति रही।
ए प्लस श्रेणी वाले स्थानीय रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडिंग और स्टालों पर वस्तुओं की अधिक कीमत वसूली लगातार जारी है। यात्रियों द्वारा ट्वीटर के माध्यम से लगातार रेल मंत्रालय को इसकी शिकायत की जा रही थी। इसको देखते हुए एसीएम अंजय तिवारी ने वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के साथ स्टेशन पर छापेमारी शुरू की। सबसे पहले उन्होंने पुरी से नई दिल्ली जा रही 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के पेंट्रीकार में छापेमारी की। यहां रेल नीर के बजाय दूसरे ब्रांड का पानी बिक रहा था। इस पर 15 पेटी पानी की बोतल जब्त की गईं। एसीएम ने बताया कि एक माह पूर्व भी 12142 लोक मान्य तिलक एक्सप्रेस ट्रेन में छापेमारी कर 150 पेटी पानी की बोतल बरामद किया था। इसके बाद टीम के सदस्यों ने स्टेशन पर छापेमारी कर गलत ढंग से बिक रहे तीन क्विंटल फल जब्त किए। वहीं ट्रेनों में घुसकर खाद्य सामग्री बेच रहे फूड प्लाजा के पांच वेंडरों को पकड़ पचास पैकेट खाना जब्त किया गया। बताया कि खाने के पैकेट पर पैकेजिंग की तारीख, खाने की मात्रा, मूल्य आदि अंकित होने चाहिए लेकिन ऐसा नहीं था। यही नहीं रेस्टूरेंट के वेंडर ट्रेनों में घुस कर खाना नहीं बेच सकते हैं। इसी वजह से इन्हें पकड़ कर चालान किया गया है। इस कार्रवाई से स्टेशन पर खलबली मची रही। एसीएम अंजय तिवारी ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई लगातार चलेगी।