पडाव। पड़ाव चौराहा से रामनगर टेंगड़ा मोड़ तक निर्माणाधीन फोर लेन सड़क के लिए मंगलवार को चौराहे से रतनपुर गांव तक नाप की गई। इस दौरान सड़क के किनारे दौ सौ मकानों पर लाल निशान लगाए गए। विरोध करने वाले ग्रामीणों के भवनों के कागजात एकत्र किए गए। उन्हें प्रशासन की ओर मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है। फोरलेन का निर्माण अंतिम चरण में है। कटेसर से पड़ाव चौराहे तक सड़क के किनारे अतिक्रमण की जद में आए दो सौ मकान और दुकान तोड़े जाएंगे। इन भवनों को अधिग्रहित किया जाना है। एक वर्ष पहले दुकानों पर लाल निशान लगाए गए थे। मंगलवार को राजस्व और पीडब्ल्यूडी की टीम ने संयुक्त रूप से सड़क की नाप की। इसके बाद दुकानों पर निशान लगाए गए। विभाग की इस कार्रवाई से दुकानदारों की धुकधुकी बढ़ गई। तहसीलदार पीडीडीयू नगर और पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों ने पड़ाव चौराहे से लेकर रेलवे पुलिया तक और रेलवे पुलिया से लेकर रतनपुर गांव की सरहद तक नाप की। इसके अलावा रतनपुर सरहद से लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन तक चंदौली जिले के सरहद की नाप की गई। वहीं दूसरी तरफ भवन अधिग्रहण के लिए भवन स्वामियों से आधार कार्ड, बैंक पासबुक की फोटो काॅपी आदि कागजात लिए गए। पड़ाव से कटेसर तक सड़क किनारे के भवन स्वामियों के भूलेख आदि जुटाए गए। भवन स्वामियों का कहना है कि मुआवजा देने के बाद ही भवन तोड़े जाए। इस संबंध में तहसीलदार पीडीयू नगर राहुल सिंह ने बताया कि सरहद का पहले फीते से नाप की गई।इसके बाद डूडल स्टेशन मशीन से भी नपाई की गई। इसका नक्शा पीडब्ल्यूडी को दिया जाएगा ताकि रोड चौड़ीकरण निर्माण में कोई समस्या उत्पन्न न हो। कहा कि जो भी दुकान व मकान इसके जद में आएंगे उसका उचित मुआवजा दिया जाएगा। इस दौरान पीडब्ल्यूडी से बीके सिंह, जितेंद्र सिंह, नईम खां, राजाराम सिंह यादव, लेखपाल पंकज सिंह, सलमान खान, मनीष सिंह आदि मौजूद रहे।