नियमताबाद। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र फेज एक स्थित पराग मिल्क बार से बृहस्पतिवार की रात चोरों ने 2.30 लाख रुपये नकद और 15 किलो घी चुरा लिए। सुबह चोरी का पता चला तो पीड़ित ने औद्योगिक नगर पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर इसकी जांच कर रही है।
अलीनगर थाना अंतर्गत कटरिया गांव निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय यादव का पराग मिल्क बार नेशनल हाईवे के किनारे स्थित पुलिस सहायता केंद्र के ठीक पीछे है। बृहस्पतिवार की देर शाम संजय यादव दुकान बंद कर घर चला गया। देर रात चोर बार की खिड़की से दुकान में घुस गए। अंदर काउंटर का ताला तोड़कर उसमें रखे 2.30 लाख रुपये नगद और 15 किलो घी चुराकर भाग गए। शुक्रवार की सुबह संजय दुकान खोलने पहुंचा तो अंदर का नजारा देख कर दंग रह गया। उसने इसकी सूचना औद्योगिक नगर पुलिस चौकी को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। पुलिस के अनुसार भुक्तभोगी की तहरीर मिल चुकी है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि जिस खिड़की से चोरों के दुकान में घुसने की बात कही जा रही है, उससे दुकान में प्रवेश करना मुश्किल है। फिर भी जांच पड़ताल की जा रही है।