सकलडीहा। मतदान केंद्र दूर बनाए जाने से नाराज विकास खंड के नागनपुर गांव के ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि बुजुर्गों व महिलाओं को लगभग दो किलोमीटर दूर नई बाजार में बनाए गए बूथ पर जाकर मतदान करने में समस्याओं का सामना करना होगा। साथ ही गांव में बूथ नहीं बनाए जाने पर मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामप्रधान ने यहां न तो पंचायत भवन का निर्माण कराया और न ही शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालय बनवाया। इसलिए गांव में मतदान के लिए बूथ का निर्माण नहीं किया गया है। ग्रामीणों को मतदान के लिए दो किमी दूर नई बाजार (महेसुआ) में मतदान करने जाना पड़ेगा। इससे ग्रामीणों में रोष है। कड़ी धूप में बूथ तक का सफर उनके लिए कठिन साबित होगा। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। कहा कि बुजुर्गों व महिलाओं को दो किमी दूर जाकर वोट देने में खासी परेशानी उठानी पड़ेगी। चेतावनी दी कि यदि गांव में बूथ नहीं बनाया गया तो ग्रामीण चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी रामसजीवन मौर्य ने कहा कि ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्या हो हल करने का प्रयास किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में अच्छेलाल राजभर, लालबहादुर, नंदू, सुनील, मंजू, राहुल, राधेश्याम आदि शामिल थे।