नौगढ़। सोनभद्र के सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार ने बुधवार को दुर्गा मंदिर के पोखरे पर आयोजित समारोह में अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में कराए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। साथ ही 20 करोड़ की लागत से नौगढ़ बांध और धन कुंवारी मार्ग के चौड़ीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया।
बताया कि सोनभद्र लोकसभा के लिए सांसद निधि में उन्हें 25 करोड़ रुपए मिले जिसमें से 10 करोड़ रुपए का काम नौगढ़ क्षेत्र में कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उज्जवला गैस योजना और सौभाग्य योजना के कार्यों को भी अपने निधि का कार्य बताते हुए कहा कि सोनभद्र के हजारों परिवार को गैस सिलेंडर आवास शौचालय के साथ ही बस्ती और मजरों का विद्युतीकरण किया गया है। कहा कि आदर्श ग्राम जरहर में 97 लाख रुपए की लागत से पेयजल योजना, 60 लाख रुपए की लागत से ब्रह्मनाल पर चेक डैम निर्माण व दुर्गा मंदिर के पोखरे के सुंदरीकरण के लिए 40 लाख रूपय खर्च किए जाने की परियोजना का भी शिलान्यास किया गया है। इसके अलावा विनायकपुर में पांच लाख की लागत से गौशालाव इतनी ही लागत से मदरसा का भी निर्माण कराया गया है। नौगढ़ बांध और धन कुंवारी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 20 करोड़ रुपए निर्माण एजेंसी को अवमुक्त किए गए हैं। इनका आज शिलान्यास किया जा रहा है। इस मौके पर प्रभागीय वन अधिकारी रामनगर मनोज खरे, डीडीओ पद्मकांत शुक्ला, उप प्रभागीय वन अधिकारी दिनेश कुमार सिंह, बीडीओ शंकर प्रसाद सोनकर, वन क्षेत्राधिकारी कुंजमोहन वर्मा, राम गति राय, जानकीशरण श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत सौरव कुमार मौजूद रहे।