इलिया। क्षेत्र के सीहर गांव में स्थित सिहोरिया देवी मंदिर तक जाने वाले रास्ते पर टिन शेड एवं प्रकाश व्यवस्था का लोकार्पण सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने पति और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह के साथ माता के दरबार में माथा टेका और विधि विधान से पूजा अर्चना की।
मंदिर तक जाने में भक्तों को हो रही परेशानी को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिला पंचायत निधि के 25 लाख रुपये की लागत से मंदिर की सीढियों पर टीन शेड लगवाया और सीढियों व मंदिर पर प्रकाश की उचित व्यवस्था की। इससे रात में भी मंदिर रोशनी से जगमगाता रहेगा। दर्शन पूजन के बाद सभा में जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। गांवों के विकास के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडेंगे। उन्होंने गरीब परिवार के लोगों को आवास दिलाने का भी भरोसा दिलाया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, श्यामजी सिंह, सुनील सिंह, आनंद सिंह साहब, ग्राम प्रधान विजय बहादुर यादव, करतार सिंह, वासुदेव सिंह, तुलसी चौहान, शिवपूजन सिंह, शमशेर सिंह उपस्थित रहे।