मुगलसराय। मानसून नजदीक है लेकिन नगर पालिका प्रशासन और रेलवे की तैयारी अधूरी है। फिलहाल बारिश हो गई तो नगर क्षेत्र सहित रेलवे कालोनी में जलभराव की समस्या से नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ेगी। नाले-नालियों की सफाई का काम अब तक पूरा हो जानी चाहिए थी लेकिन विभागीय अफसरों की लापरवाही और काम देरी से शुरू होने के कारण सफाई काम अधूरा है। अभी तकरीबन 50 फीसदी ही नालों की सफाई हो सकी है। जबकि 15 जून तक सफाई का काम पूरा कर लेना था।
नगर पालिका सहित रेलवे के 25 से अधिक छोटे बड़े नाले हैं। जिनकी सफाई का काम अब शुरू हुआ है इससे 30 जून तक भी काम पूरा नहीं हो पाएगा। इसमें कालोनियों की नालियां भी जाम हैं। जहां सफाई हो रही है वहां की सिल्ट निकालकर कालोनियों की गलियों में ही छोड़ दिया जा रहा है। इससे आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। नगर पालिका क्षेत्र के हनुमानपुर, कैथापुर, महमूदपुर, अलीनगर, मवईखुर्द में जलनिकासी के अच्छी व्यवस्था न होने से बारिश में पूरा इलाका डूब जाता है। यहां अब भी नाले-नालियों की सफाई का काम पूरा नहीं हो सका है। इसी तरह रेलवे
सेंट्रल कालोनी, लोको कालोनी, मानसनगर और प्लान डिपो में भी तेज बारिश में जलभराव से लोगों को जूझना पड़ता है।
नगर पालिका और रेलवे के नालों से रोजाना करीब 37 एमएलडी सीवेज निकलता है। सीवेज और सिल्ट से नाले पटे हैैं। पिछले दिनों हुुई बारिश में नाले उफनाने से नगर के कई इलाकों में पानी भर गया था। अभी तक नालों की सफाई न होने से नागरिकों को अभी से चिंताएं सताने लगी है। यदि जल्द नाले की सफाई का काम पूरा नहीं हुआ और बारिश हो गई तो लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ेगा।
नगर क्षेत्र के नाले-नालियों की सफाई का काम शुरू कराया गया है। कोशिश है कि जल्द से जल्द से सफाई कराने का काम पूरा कर लिया जाए। इसके लिए जिम्मेदारों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। रोली गुप्ता, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका पंडित दीनदयाल नगर।